चंपावत/ टनकपुर। पूरे सात साल बाद टनकपुर उप जिला अस्पताल में रोगियों को अल्ट्रासाउंड परीक्षण की सुविधा मिल गई है। जून 2015 के बाद से अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त था जिस पर पांच अगस्त को तैनाती हो पाई है। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि लोहाघाट के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एलएम रखोलिया को टनकपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी के साथ अब यहां लोगों को हर दिन अल्ट्रासाउंड परीक्षण की सुविधा मिल सकेगी। इस सुविधा के बाद लोगों को निजी अस्पतालों में महंगा रेटों पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
टनकपुर उप जिला अस्पताल में जून 2015 से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त था। बाद में दिसंबर 2020 से लोहाघाट के रेडियोलॉजिस्ट को सप्ताह में दो दिन टनकपुर अस्पताल संबद्ध कर सुविधा जरूर दी गई लेकिन फिर भी सप्ताह में चार दिन लोगों को परीक्षण की सुविधा नहीं मिलने से निजी अस्पताल जाने की मजबूरी बन गई थी। वहीं डॉ. लक्षिता बिष्ट लोहाघाट की नई रेडियोलॉजिस्ट होंगी। संवाद
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रखोलिया का हुआ स्वागत
टनकपुर (चंपावत)। सात साल बाद टनकपुर को रेडियोलॉजिस्ट मिलने से आम लोगों को तो राहत मिली ही है इसके साथ ही अस्पताल की व्यवस्था भी सुधर सकेगी। शुक्रवार को अस्पताल के डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ ने डॉ. एलएम रखोलिया का स्वागत किया। सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी, डॉ. हेमंत शर्मा, डॉ. मो. उमर, डॉ. आफताब, डॉ. वीके जोशी, डॉ. राजवीर सिंह, फार्मासिस्ट महेश भट्ट, जेएस कुंवर आदि ने कहा कि अल्ट्रासाउंड परीक्षण की सुविधा मिलने से मरीजों को राहत मिलेगी।
चंपावत के एक्सरे तकनीशियन को टनकपुर संबद्ध किया
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर के उप जिला अस्पताल में एक्सरे तकनीशियन के रिक्त पद पर चंपावत जिला अस्पताल के आशीष कुमार को भेजा गया है। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने उन्हें चंपावत जिला अस्पताल से टनकपुर संबद्ध किया है। दो और तकनीशियन होने से जिला अस्पताल में व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। टनकपुर उप जिला अस्पताल में 19 मार्च 2019 से एक्सरे परीक्षण बंद थे। इस साल मई में सितारगंज अस्पताल के एक्सरे तकनीशियन को टनकपुर संबद्ध करने से एक्सरे परीक्षण शुरू हुए। जुलाई में आशीष कुमार का सितारगंज से चंपावत स्थानांतरण हो गया था।
पाटी अस्पताल की नई प्रभारी बनीं डॉ. गुरुशरण कौर
पाटी (चंपावत)। पाटी अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सौरभ सैनी का कोटद्वार स्थानांतरण हो गया है। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने भिंगराड़ा के डॉ. गुरुशरण कौर को पाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रभारी अधिकारी बनाया है। डॉ. कौर ने शुक्रवार को नए पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वहीं देवीधुरा के डॉ. अरुण को भिंगराड़ा के अस्पताल भेजा गया है।