लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। अब दो बजे बाद अनावश्यक रूप से घूमने वाले की खैर नहीं। पुलिस ऐसे वाहनों को पकड़कर सीधे सीज कर देगी। एसडीएम आरसी गौतम का कहना है कि कोरोना के मामले दिनों दिन तेजी से बढ़ते जा रहे हैं, कुछ लोग अभी भी शासन प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। लोग कोरोना महामारी को हल्के में लेकर बिना मास्क, सामाजिक दूरी का पूरी तरह से पालन नहीं कर रहे हैं।
एसडीएम का कहना है कि नियमों को पालन न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर एसओ मनीष खत्री ने बताया कि कोरोना संक्रमण के खतरे को कम करने के लिए लोगों को स्वयं जागरूक होना पड़ेगा। एसओ ने शुक्रवार को लाउड स्पीकर के जरिये लोगों को अनावश्यक रूप से दो बजे बाद बाजार या अन्य स्थानों में न घूमने की सख्त हिदायत दी। कहा कि दो बजे बजे बाद बिना वजह घूमने वाले लोगों के वाहन सीज करने के साथ उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसओ ने दवा विक्रेताओं को शासन प्रशासन के दिशा निर्देशों के पत्रक वितरित कर दवा उन्हें जीवन रक्षक दवाओं और इंजेक्शन की कालाबाजारी न करने के लिए नोटिस दिया है। उन्होंने बताया कि अगर किसी दुकानदार की ओर से दवाओं की कालाबाजारी की सूचना मिलती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।