टनकपुर से पिथौरागढ़ के बीच निर्माणाधीन बारहमासी सड़क (ऑलवेदर रोड) में चंपावत और लोहाघाट में बाइपास निर्माण के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के उप सचिव राजेश गुप्ता की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार चंपावत और लोहाघाट नगर में प्रस्तावित बाइपास की भूमि अधिग्रहण के लिए एसडीएम सदर चंपावत को सक्षम प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रस्तावित बाइपास में चंपावत में 14 तथा लोहाघाट में नौ ग्राम पंचायतों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 125 में चंपावत नगर में बाइपास के लिए बारहमासी सड़क के 121 किमी से 129 किमी तक की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। जिनमें मुडियानी, चैकुनी बोरा, चैकुनी पांडेय, कफलांग, शक्तिपुर बुंगा, नगर गांव, लिस्ता, लटोली, चौकी, दुधपोखरा, सिलिंगटाक, राकड़ी फुलारा, फूंगर और पुनेठी ग्राम पंचायतें शामिल हैं। जबकि लोहाघाट में 136 किमी से 142 किमी तक की भूमि के लिए खूनाबोरा, चौड़ीमाट, डेंसली, कलीगांव, फूंदापाटनी, फर्नेहिल, राईकोट कुंवर, राईकोट महर, एबट माउंट ग्राम पंचायतों में अधिग्रहण किया जाएगा।
टू लेन बनेगा प्रस्तावित बाइपास
चंपावत। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक चंपावत और लोहाघाट में प्रस्तावित बाइपास टू लेन बनेंगे। बारहमासी सड़क में चंपावत और लोहाघाट में दो बाइपासों के निर्माण चलते टनकपुर और पिथौरागढ़ के बीच करीब चार किमी की दूरी बढ़ जाएगी।
चंपावत बाइपास में होगा चार पुलों का निर्माण
चंपावत। चंपावत बाइपास में मुडियानी से तिलोन तक चार पुलों का निर्माण भी प्रस्तावित किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता एलडी मथेला के अनुसार चंपावत में मुडियानी, चौकी, गौड़ी नदी और गडंकी नदी में चार पुलों का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।