लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लॉक में शहीद श्याम सिंह बिष्ट के नाम पर बनी चामी-खेती काकड़ी सड़क का कोई सुधलेवा नहीं है। ग्रामीण बदहाल मोटर मार्ग से आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं। लोगों ने लोनिवि और शासन-प्रशासन पर शहीद के नाम पर बनी सड़क की उपेक्षा का आरोप लगाया।
चामी के ग्राम प्रधान प्रशासक प्रकाश सिंह महर का कहना है कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से शहीद श्याम सिंह के नाम से बनी ढाई किमी लंबी बदहाल चामी-खेती काकड़ी मोटर मार्ग पर डामरीकरण की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में यह मार्ग कीचड़ से भर जाता है जिससे वाहनों का गुजरना मुश्किल हो जाता है।
कोट
शहीद श्याम सिंह बिष्ट के नाम से बने चामी-खेती-काकड़ी मोटर मार्ग की मरम्मत की सुध कोई नहीं ले रहा है। ऊबड़खाबड़ और बदहाल मोटर मार्ग पर चामी, मौलानी, लीदू, ध्याड़ी, खेती, काकड़ी के करीब तीन हजार की आबादी आवाजाही करती है। मोटर मार्ग की दशा जल्द ठीक होनी चाहिए। - प्रकाश सिंह महर, ग्राम प्रधान प्रशासक चामी
कोट
चामी-खेती-काकड़ी मोटर मार्ग पर डामरीकरण का आगणन तैयार कर अधीक्षण अभियंता को भेजा गया है। अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। स्वीकृति मिलने के बाद मार्ग पर डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। - हितेश कांडपाल, ईई लोनिवि लोहाघाट