राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता एलडी मथेला ने टनकपुर-पिथौरागढ़ के बीच निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर आधे घंटे से अधिक समय तक जाम नहीं लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में लगी कंपनियों के प्रतिनिधियों को मौखिक और लिखित में निर्देश जारी करते हुए कहा कि जाम लगने की अधिकतम सीमा आधा घंटा होगी। इसके साथ ही उन्होंने रोड कटिंग के दौरान उड़ रही धूल और मिट्टी से बचाव को नियमित तौर पर पानी के छिड़काव के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर लापरवाही और अधिक मात्रा में पानी डालने के कारण सड़क पर कीचड़ की स्थिति बन रही है। इसके लिए निर्माण में लगी कंपनियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। बता दें कि निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर कायदे कानूनों की अनदेखी कर कई स्थानों पर आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात को रोका जा रहा है। इस कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता का कहना है कि संबंधित कंपनियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
फोटो 16 सीपीटी 11 पी।
दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत हुई
बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुई पेयजल योजनाओं की मरम्मत करा दी गई है। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से बस्टिया और बनलेख में सड़क निर्माण के दौरान पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें दर्ज कराई थी। इस पर निर्माण कार्य में लगी कंपनी ने दोनों ही स्थानों पर क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत कर दी है।