बनबसा (चंपावत)। नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के नेपाल की ओर नोमेंस लैंड पर अस्थायी चौकी बनाने के मामले में भारतीय प्रशासन के एतराज जताने पर बुधवार को एपीएफ ने चौकी को नोमैंस लैंड से हटाकर नेपाल की ओर स्थानांतरित कर दिया है।
नेपाल की एपीएफ ने दो मार्च को गड्ढा चौकी स्थित नेपाल के स्वागत गेट से पहले नोमैंस लैंड पर एक अस्थायी चौकी बना दी थी। नोमैंस लैंड पर निर्माण प्रतिबंधित होने के कारण एसएसबी ने एतराज जताया था। एपीएफ के अधिकारियों का कहना था कि वहां बरसात में संतरी के खड़े होने के लिए अस्थायी चौकी बनाई गई है, जबकि एसएसबी के अधिकारियों का तर्क था कि सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां को नियमों की अनदेखी से बचना चाहिए। बहरहाल. बुधवार को एपीएफ ने नोमैंस लैंड से अपनी अस्थायी चौकी पीछे नेपाल की ओर स्थानांतरित कर दी है। सीओ बीसी पंत ने बताया कि एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट के साथ उनकी एपीएफ के अधिकारियों से वार्ता हुई थी।