नगर निकाय चुनाव के लिए 18 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले मतदान को संपन्न कराने के लिए शनिवार को सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय की देखरेख में गोरलचौड़ मैदान से बनबसा, टनकपुर, लोहाघाट तथा चंपावत के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।
पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने पोलिंग पार्टियों को मदिरा का सेवन न करने, रात्रि में बूथ में ही निवास करने और मतदान को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय गोरलचौड़ मैदान में आयोग की ओर से तैनात प्रेक्षक शिवेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एसएस बिष्ट, उप जिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, अनिल गर्ब्याल, आरसी गौतम, शिप्रा जोशी, डीडीओ आरसी तिवारी, पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, लोनिवि ईई डीडी भट्ट, एआरटीओ रश्मि भट्ट सहित सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
पोलिंग पार्टियों का चिकित्सा परीक्षण कराया गया
चंपावत। निकाय चुनाव के लिए सभी पोलिंग पार्टियों का रवानगी से पूर्व चिकित्सा परीक्षण किया गया। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने कर्मचारियों की उपस्थिति का प्रमाण पत्र नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराया। रिजर्व में रखी गई सभी पोलिंग पार्टियों को भी रिजर्व में रखे गए वाहनों में रवाना किया गया। इसके अलावा मतदान पार्टियों की रवानगी से पूर्व एक बार फिर से मतदान का प्रशिक्षण भी दिया गया।
38 मतदेय स्थलों में डाले जाएंगे वोट
चंपावत। नगर निकाय चुनाव में चारों निकायों में 38 मतदेय स्थलों में वोट डाले जाएंगे। नगर पालिका टनकपुर के 11 वार्डो के लिए 15 मतदेय स्थल बनाये गए हैं, जिनमें 13678 मतदाता वोटिंग करेंगे। नगर पंचायत बनबसा के सात वार्डों के लिए सात मतदान केंद्रों में 4427 मतदाता वोट डालेंगे। चंपावत नगर पालिका में नौ वार्डो के नौ मतदेय स्थलों में 6381 मतदाता तथा लोहाघाट नगर पंचायत के सात मतदेय स्थलों में 4839 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सबसे पहले पहुंची चंपावत की पोलिंग पार्टियां
चंपावत। पोलिंग पार्टियों के रवानगी के साथ ही सबसे पहले चंपावत नगर निकाय से संबंधित पोलिंग पार्टियां अपने अपने मतदान केंद्रों में पहुंची। गोरलचौड़ मैदान से महज पचास मीटर की दूरी पर स्थित केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय में पोलिंग पार्टी सबसे पहले पहुंची।