टनकपुर (चंपावत)। केएमवीएन गेस्ट हाउस के पास नवनिर्मित मल्टी स्टोरी पार्किंग शुरू हो गई है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ने इसके संचालन का कार्य मां भागीरथी स्वयं सहायता समूह को सौंपा है। समूह ने संचालन शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र में मां पूर्णागिरि मेले और अन्य समय वाहनों का अधिक दबाव होने से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो मल्टी स्टोरी पार्किंग का समय से संचालन करने के कड़े निर्देश दिए थे। मामले में एसडीएम अनुराग आर्य ने बताया कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से केएमवीएन के पास स्थित 4.98 करोड़ रुपये से मल्टी स्टोरी पार्किंग का संचालन शुरू कर दिया है। इससे लोगों को वाहन पार्किंग की बेहतर सुविधा मिलेगा। इधर, शनिवार को पार्किंग में तैनात कर्मी कैलाश पंत ने बताया कि 15 मार्च से संचालन शुरू हुआ। कार पार्किंग में दो घंटे के लिए 10 रुपये, दो से चार घंटे 20 रुपये, चार से आठ घंटे 40 रुपये, आठ से 12 घंटे 60 रुपये, 12 से 24 घंटे 100 रुपये, मासिक 1500 रुपये प्रति वाहन शुल्क निर्धारित है। प्राधिकरण के एई सौरभ चंद ने बताया कि 96 वाहन पार्किंग की क्षमता है। कहा मल्टी स्टोरी पार्किंग शुरू होने से जाम से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जग गई है।