चंपावत मोटर स्टेशन में यातायात पुलिस से उलझता वाहन चालक।
- फोटो : CHAMPAWAT
बनबसा (चंपावत)। पुलिस ने एक नेपाली युवक की बाइक का चालान क्या काटा उसने हंगामा खड़ा कर दिया। नेपाली युवक ने न सिर्फ नेपाल जाकर गड्डा चौकी में जाम लगाया, बल्कि एक भारतीय की बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। बाद में दोनों देशों के पुलिस अधिकारियों ने वार्ता कर किसी तरह मामले को सुलझाया।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सोमवार को वाहनों की चेकिंग के समय शारदा बैराज चौकी में तैनात दरोगा ने बाइक सवार नेपाल के युवक को तलाशी के लिए रोका। बाइक के कागजात और पहचान पत्र नहीं होने पर दरोगा ने उसकी बाइक का चालान काट दिया। इससे बौखलाकर वह गड्डा चौकी (नेपाल) लौटा और वहां हंगामा खड़ा करते हुए जाम लगा दिया। इस बीच, उसके समर्थन में पहुंचे कुछ अन्य युवकों ने नेपाल से बाइक पर लौट रहे बेलबंदगोठ निवासी भारतीय युवक रमेश थापा की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया।
आधे घंटे तक सीमा पार हंगामा होता रहा। पता चलने पर थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान फोर्स के साथ बॉर्डर पर पहुंचे और नेपाल के पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर किसी तरह युवकों को समझा-बुझाकर मामला सुलझाया। थानाध्यक्ष चौहान ने बताया कि बाइक का चालान करने से ही युवकों में गुस्सा था, जिन्हें नेपाल पुलिस ने समझाकर शांत करा दिया है।
वाहन हटाने को कहा तो ट्रैफिक पुलिस से उलझा चालक
चंपावत। जिला मुख्यालय में ट्रैफिक पुलिस ने नो पार्किंग जोन से वाहन हटाने के लिए कहा तो एक ड्राइवर पुलिस कर्मियों से ही उलझ गया। विवाद बढ़ने पर पुलिस वाहन और चालक को कोतवाली ले आई, जहां चालक से पूछताछ की जा रही है।
सोमवार को मुख्य बाजार में एक टैक्सी वाहन यूके 03 टीए 1389 नो पार्किंग जोन में खड़ा था। इससे बार-बार जाम की स्थिति पैदा हो रही थी। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने चालक से वाहन हटाने के लिए कहा तो वह उल्टा पुलिस जवान पर ही बिगड़ गया। समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस चालक और वाहन को कोतवाली ले आई है। टीएसआई ज्योतिप्रकाश ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस की ओर से चालकों को बार-बार समझाया जा रहा है। इसके बाद भी कुछ चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।