बनबसा (चंपावत)। बनबसा के एक दुकानदार पर नेपाली युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती ने आरोपी की पत्नी पर भी आरोप लगाए हैं।
सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि नेपाली युवती ने पाटनी तिराहे पर दुकान चलाने वाले संतोष गुप्ता पर आरोप लगाया कि उसने उसे नेपाल से दुकान और घर पर काम करने के लिए बुलाया था। मंगलवार की रात आरोपी की पत्नी ने उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद संतोष गुप्ता ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 64 (1), 115 (2) के तहत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच टनकपुर की एसआई हिमानी गहतोड़ी को सौंपी गई है। सीओ ने बताया कि फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम जगह-जगह दबिश दे रही है।