बनबसा (चंपावत)। एसएसबी 57वीं वाहिनी की बनबसा स्थित डी कंपनी के जवानों ने चेकपोस्ट पर एक नेपाली नागरिक के कब्जे से करीब दो किलो चरस की खेप बरामद की। एसएसबी ने आरोपी पर वैधानिक कार्रवाई उसे चरस समेत पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडेंट मनोहर लाल के निर्देश पर बनबसा स्थित डी कंपनी के जवान बुधवार को चेकपोस्ट पर चेकिंग अभियान पर थे। इसी बीच नेपाल से भारत आ रहे एक व्यक्ति के सामान की एसएसबी जवानों ने एक्स-रे बैगेज मशीन से जांच की। इसमें उसके पास से चरस होने की पुष्टि हुई। जवानों ने जब चरस को नापा तो वह 1.924 किलो निकली।
एसएसबी डी कंपनी प्रभारी सहायक कमांडेंट राम चंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी सुभाष बोहरा (30) निवासी ग्राम खोरी जिला बजांग, नेपाल ने पूछताछ में बताया कि वह नेपाल से चरस लाकर भारत के बनबसा क्षेत्र में बेचता है। उन्होंने बताया कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पाटी क्षेत्र में 224 ग्राम चरस के साथ पांच आरोपी दबोचे
चंपावत। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से 225 ग्राम चरस के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पाटी के थानाध्यक्ष ओम प्रकाश के नेतृत्व में टीम वालिग बैरियर के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कार (यूपी 25 डीएम 3678) को रोक कर तलाशी ली गई। कार में सवार पांच व्यक्तियों के कब्जे से कुल 224 ग्राम चरस बरामद हुई। इस पर पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपियों की कार को भी सीज कर दिया गया है।
एसपी अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान महेश गंगवार (37) निवासी ग्राम खतअवा थाना नवाबगंज, अनिल कुमार (32) निवासी ग्राम राजागार्डन बदायूं रोड सुभाषनगर (बरेली), राम चंद्र (40) निवासी ग्राम गौंछ थाना जहानाबाद (पीलीभीत) और धर्मेंद्र (32) राजेश गंगवार (38) निवासी ग्राम खमरिया पुल, जिला पीलीभीत के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल और छह हजार की नकदी भी बरामद हुई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। संवाद