टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। नेपाल से मां पूर्णागिरि के दर्शन करने आई एक किशोरी बनबसा बैराज के पास शारदा नदी में नहाते समय डूब गई। परिजन उसे टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय ले गए, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। परिजन किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के बाद घर (नेपाल) ले गए। वहीं, दो अन्य किशोरियों को पुलिस तैराकों ने अन्य लोगों की मदद से डूबने से बचा लिया।
जिला बांके नेपाल के जयपोखरी राधापुर ग्राम विकास समिति वार्ड एक निवासी रोजिन गुरुंग (14) पुत्री खगेंद्र राना बृहस्पतिवार को रिश्तेदारों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन करने आई थी। बताया जाता है कि रोजिन अपनी चचेरी बहन अस्मिता पुत्री राजू राना, टीना पुत्री धाना राना के साथ सुबह बनबसा स्थित बैराज गेट संख्या एक के पास शारदा नदी में नहा रही थी।
इसी बीच तीनों बहनें नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग और पुलिस गोताखोर विनोद सेमवाल, गौरव दुर्गापाल, कांस्टेबल विनोद कुमार के अलावा नेपाली युवक पंकज वर्मा वहां पहुंचे। उन्होंने अस्मिता और टीना को सकुशल बचा लिया, जबकि रोजिन को गंभीर अवस्था में पानी से निकालकर टनकपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. वीके जोशी ने उसे मृत घोषित कर दिया। टनकपुर कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद किशोरी का शव रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है। शारदा बैराज चौकी प्रभारी बीएम उप्रेती ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन घर ले गए।