नेपाल बार्डर पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 72 घंटे के लिए सील हुई भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है। कमांडेंट केसी राणा के निर्देश पर एसएसबी ने बार्डर पर 24 घंटे पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। इधर, बनबसा में अवैध तमंचे पकड़े जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों और भी सतर्क हो गई है।
15 फरवरी को होने जा रहे मतदान के दौरान सीमा पार से अराजक तत्वों की घुसपैठ के अंदेशे को देखते हुए 12 फरवरी की शाम पांच बजे से भारत-नेपाल सीमा 15 फरवरी की शाम 5 बजे तक सील कर दी गई है। दोनों देशों के बीच आवाजाही बंद है। सीमा सील होने के बाद नेपाल बार्डर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर में है।
कमांडेंट राणा ने बताया कि नेपाल बार्डर में सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। बीओपी में तैनात अधिकारियों और जवानों को सीमा पर 24 घंटे पेट्रोलिंग एवं निगरानी रखने को कहा गया है। इधर, पुलिस महकमा भी सुरक्षा को लेकर सतर्क है। सीओ आरएस रौतेला एवं कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि पुलिस और खुफिया टीम के साथ ही बाहर से आए अर्द्धसैनिक बल एसएसबी के जवानों को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है। होटलों में ठहरे लोगों की तलाशी की जा रही है।