लखीमपुरी खीरी जिले से लगे भारत-नेपाल बॉर्डर में पुलिया निर्माण को लेकर विवाद में गोली लगने से एक नेपाली युवक की मौत से उपजे तनाव की आग नेेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर तक भी पहुंची है। युवक की मौत से गुस्साए नेपाल के लोगों ने एक भारतीय की बाइक जला दी और एक बाइक क्षतिग्रस्त की है। सीमा पार के सूत्रों के मुताबिक देर रात तक महेंद्रनगर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। नेपाल के लोगों का आरोप है कि विवाद में एसएसबी द्वारा चलाई गई गोली लगने से युवक की मौत हुई है, लेकिन इधर एसएसबी ने गोली चलाने की बात से इंकार किया है। अलबत्ता सीमा पार के हालात के मद्देनजर बनबसा बार्डर में भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।
बताया गया कि लखीमपुर खीरी जिले के संम्पूर्णानगर से लगी भारत-नेपाल सीमा पर पुलिया निर्माण को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को फिर विवाद उपजा तो विवाद के बीच गोली लगने से एक नेपाली युवक की मौत हो गई। इसके बाद सम्पूर्णानगर बार्डर में जबरदस्त तनाव है। तनाव की यह आग महेंद्रनगर तक भी पहुंची है। सीमा पार से मिली सूचना के मुताबिक घटना से देर शाम भड़के नेपाली युवाओं की भीड़ सड़क पर उतर आई और एक होटल के बाहर खड़ी भारतीय पल्सर बाइक में आग लगा दी, जबकि एक अन्य बाइक को क्षतिग्रस्त किया है। नेपाल पुलिस ने फौरन मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रित तो कर दिया, लेकिन हालात बेहद तनावपूर्ण बताए गए हैं। नेपाल के लोगों का आरोप है कि मृतक युवक की मौत विवाद के दौरान एसएसबी द्वारा चलाई गई गोली से हुई है, लेकिन इधर एसएसबी के उच्च अधिकारी नेपाल के आरोप को गलत बता रहे हैं।
बार्डर में सुरक्षा एजेंसियों को किया अलर्ट
एसएसबी के कमांडेंट केसी राणा के मुताबिक लखीमपुरखिरी जिले से लगे नेपाल बार्डर में हालात तनावपूर्ण है। जिसके मद्देनजर बनबसा बार्डर में भी एसएसबी व अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।
भारतीय नागरिकों के नेपाल न जाने की अपील
भारतीय प्रशासन ने सीमा पार के तनावपूर्ण हालात के मद्देनजर भारतीय पर्यटकों से नेपाल न जाने की अपील की है। सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि स्थिति को देखते हुए बार्डर पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को भारतीय पर्यटकों को नेपाल के तनावपूर्ण हालात के बारे में बताते हुए वहां जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।