टनकपुर (चंपावत)। पड़ोसी देश नेपाल उत्तराखंड से लगे सीमांत क्षेत्र में सूखा बंदरगाह (ड्राईपोर्ट) और छह लेन सड़क के साथ ही ढाई हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में औद्योगिक नगरी भी स्थापित कर रहा है। भारतीय सीमा से 17 किमी दूर बनाई जा रही इस औद्योगिक नगरी में सौ से ज्यादा उद्योग लगाने की योजना है।
सीमा पार से मिली जानकारी के मुताबिक, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली सोमवार को नेपाल के सीमांत कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर आ रहे हैं। वे यहां दैजी-झेला औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास करेंगे। बताया गया कि भारत की बनबसा सीमा से 17 किमी दूर दैजी-झेला में नेपाल सरकार 2500 हेक्टेयर क्षेत्रफल में औद्योगिक नगरी बना रही है। इसमें सौ से ज्यादा छोटे, बड़े उद्योग स्थापित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री ओली इस औद्योगिक नगरी की आधारशिला रखने के साथ ही 133 केवी विद्युत सब स्टेशन का भी शिलान्यास करेंगे।
नेपाली समाचार पत्र अन्नपूर्णा पोस्ट के मुताबिक नेपाल सरकार सीमांत महेंद्रनगर के अलावा देश के अन्य चार स्थानों पर भी औद्योगिक नगरी बसा रही है। उत्तराखंड से लगे सीमांत क्षेत्र में नेपाल सरकार पहले से ही सूखा बंदरगाह और उसे भारत से जोड़ने के लिए शारदा पर छह लेन चौड़ा पुल और सड़क बना रही है।
भारत-नेपाल के बीच बढ़ेगा कारोबार
उत्तराखंड से लगे सीमांत क्षेत्र में नेपाल द्वारा सूखा बंदरगाह, छह लेन सड़क और अब औद्योगिक नगरी बनाने से भारत और नेपाल के बीच कारोबार बढ़ेगा। बताया गया कि नेपाल के स्थापित होने वाले उद्योगों के लिए कच्चा माल छह लेन सड़क के रास्ते ही सूखा बंदरगाह में आयात किया जाएगा।