नगर पंचायत सभागार में सोमवार को स्वच्छता पर कार्यशाला हुई। इसमें डीएम डॉ. अहमद इकबाल ने कहा कि स्वच्छता के प्रति सोच बदलने की जरूरत है। इसे अपने घर, परिवार से शुरू करना होगा। उन्होंने व्यापार संघ, नागरिकों, बुद्धिजीवियों, नामित अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने को कहा। उन्होंने कूड़ा फेंकने, सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करने वालों पर जुर्माना थोपने को कहा।
डीएम ने कहा कि कूड़े को सड़क पर फेंकने, खुले में शौच करने, सड़क पर पान, गुटखे की पीक करने, भवन सामग्री सड़क पर फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने के साथ सख्ती से पेश आने, आर्थिक रूप से दंडित करने के निर्देश दिए हैं। सख्ती समस्या का हल नहीं है, स्वच्छता बनाने के लिए लोगों की सोच बदलनी होगी। उन्होंने भवन सामग्री को सड़क पर न फैलाने की अपील भी लोगों से की।
उन्होंने वार्डवार गठित मोहल्ला स्वच्छता समितियों को सक्रिय करने में भी व्यापार संघ, गणमान्य नागरिकों, बुद्धिजीवियों, महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। सीडीओ एसएस बिष्ट ने स्वच्छता पर जागरूकता के लिए स्थानीय भाषा में गीत जारी कर सफाई वाहनों में उसे प्रचारित करने, स्कूली बच्चों का नुक्कड़ नाटक दल बनाने में सहयोग मांगा। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा, एसडीएम आरसी गौतम, तहसीलदार नीलू चावला, व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव राय के साथ उपाध्यक्ष प्रकाश जोशी, भूपाल मेहता, डीडी पांडेय, प्रकाश राय, राजू गड़कोटी, रमेश उप्रेती, जीवन मेहता आदि थे।