धौन-स्वांला रोड के बीच आया मलबा।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो
चंपावत। मंगलवार रात से बंद टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) में निर्माणाधीन बारहमासी मार्ग अब भी नहीं खुल सका है। यहां स्वांला-धौन के बीच भारी मलबा आने से मार्ग बंद है। लगातार पत्थरों के गिरने से काम नहीं हो पा रहा है। रास्ते में 65 से ज्यादा वाहन अब भी फंसे हैं। सब्जी व खाद्य सामग्री की आपूर्ति तो देवीधुरा मार्ग से हो रही है, मगर ट्रांसपोर्टेशन में लागत बढऩे से कई सामग्री के दाम में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी हो गई है। लॉकडाउन की वजह से इन दिनों रोडवेज बसें, टैक्सियां सहित सामान्य वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। सब्जी व खाद्य सामग्री सहित आपात कालीन सेवाओं के वाहन ही चल रहे हैं। मार्ग में 66 से अधिक ट्रक फंसे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के लोहाघाट के ईई एलडी मथेला का कहना है कि जेसीबी व पोकलैंड की दो मशीनें लगी हुई है, लेकिन लगातार मलबा गिरने से काम शुरू करना बेहद जोखिम भरा है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय का कहना है कि एनएच खंड को जल्द से जल्द रोड को खोलने के लिए सभी जरूरी उपाय करने को कहा गया है।