नंदा-सुनंदा महोत्सव का आयोजन स्थल चंपावत का बालेश्वर मंदिर परिसर।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। नगर में सोमवार से तीन दिनी मां नंदाष्टमी महोत्सव शुरू होगा। कोरोना के कारण इस बार यह महोत्सव बेहद सादगी से होगा। मां नंदाष्टमी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय ने बताया कि बालेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को गणेश पूजन के साथ मेले का श्रीगणेश होगा। महोत्सव में सिर्फ प्रतीकात्मक रूप से धार्मिक कार्यक्रम होंगे। कोरोना के कारण सात दिनी मेले को तीन दिन मेें सीमित किया गया है। महोत्सव में नागनाथ से बाजार होकर बालेश्वर तक निकलने वाले देवी के डोले भी मंदिर परिसर में ही निकलेंगे। देवी नंदा-सुनंदा चंपावत के चंद राजाओं की कुल देवी थीं।
रविवार को मेले की तैयारी का मुआयना करने के बाद आयोजन समिति के सचिव विकास साह ने बताया कि इस बार न झांकी निकलेगी, न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्कूलों की प्रतियोगिताएं भी नहीं होंगी। सभी धार्मिक कार्यक्रम, कदली वृक्ष आगमन सहित डोला यात्रा सुरक्षित दूरी के साथ प्रतीकात्मक रूप से होगी। चेयरमैन विजय वर्मा, मंदिर समिति कोषाध्यक्ष प्रकाश पांडेय, रितेश राय, विमल साह, सनी पटवा, युवराज साह, पवन गिरि आदि मेले की तैयारी में जुटे रहे।