जिला मुख्यालय में सर्किट हाउस के समीप तमाम कोशिशों के बाद भी कूड़े के ढेर में लगी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। चौथे दिन शुक्रवार को भी कूड़े के ढेर में आग सुलगती रही।
नगर पालिका की ओर से हजारों रुपये खर्च कर आग बुझाने के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।
आग से निकल रहे धुएं के गुबार से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। इधर नगर पालिका की ओर से आग बुझाने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। लोहाघाट से फायर ब्रिगेड के वाहन मंगवाकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जल संस्थान के टैंकरों की मदद से पानी का छिड़काव किया जा रहा है लेकिन इन सब प्रयासों के बाद भी कूड़े के ढेर में लगी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। हवा चलने के साथ कूड़े का ढेर सुलग जा रहा है। इस कारण जिला मुख्यालय के वातावरण में धुएं का गुबार छाया हुआ है।
इसके अलावा कूडे़ के ढेर के आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए फायर ब्रिगेड के साथ ही पालिका के टैंकरों से पानी डाला जा रहा है।
बताया कि कूड़े के ढेर में आग लगाने वाले अराजक तत्वों की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पालिका की ओर से आग लगाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।
जंगलों में आग लगने से धुंध और धुएं से लोगों को दिक्कतें
चंपावत/लोहाघाट। जिले में गर्मी बढ़ने के साथ चंपावत, पाटी, बाराकोट और लोहाघाट वन क्षेत्र में जंगल धूं-धूं कर जलने लगे हैं। जंगलों में आग लगने के साथ जहां तापमान में वृद्धि हो गई है वहीं धुंध और धुएं से लोगों का जीना मुहाल बना हुआ है। आग के कारण वन संपदा, जंगली जानवरों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। सीमांत तल्लादेश के मोस्टा, बकोड़ा, हरम के अलावा बनलेख, स्वांला, क्रांतेश्वर के जंगलों में लगातार वनाग्नि के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है।
से करीब पांच किमी. दूर चौकड़ी के पास सड़क के नीचे जंगल में आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को दी। फायर यूनिट प्रभारी सुनील जोशी के नेतृत्व में फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। हवा के साथ तेज आग की लपटों पर काबू पाने में फायर कर्मियों और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
फायर कर्मियों ने फायर बीटर से पीटने के साथ फायर लाइन खींचकर आग पर काबू पाया। लोगों ने बताया कि चौकड़ी रोड से लेकर नीचे गंगनौला सड़क तक करीब दो किमी वन क्षेत्र आग की चपेट में आया हुआ था। जैसे तैसे फायर कर्मियों और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने में फायर यूनिट प्रभारी सुनील, फायर कर्मी कुंदन गिरी, दया विश्वकर्मा, ग्रामीण महेंद्र, विजय, सागर, सरपंच आदि ने सहयोग किया। इधर छमनियां के ऊपर जंगलों में लगी आग चौथे दिन शांत हो गई है।