चंपावत। नगर पालिका की ओर से बरसात के मद्देनजर बंद नालियों की खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। पर्यावरण मित्रों ने गोरलचौड़, मादली, छतार, मल्लीहाट सहित अन्य स्थानों पर नालियों की सफाई की। साथ ही लोगों को सफाई के प्रति जागरूक भी किया गया। ईओ अशोक वर्मा ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवाद
कीचड़ सनी क्षतिग्रस्त सड़कों पर चलना हुआ दूभर
बनबसा (चंपावत)। जलभराव के कारण क्षेत्र के कई क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों पर कीचड़ होने से आवागमन दूभर हो गया है। भैंसाझाला, पचपकरिया, फागपुर, आनंदपुर, बमनपुरी से कुष्ठ आश्रम, देशीफार्म एनएच से गढ़ीगोठ संपर्क मार्ग पर आवागमन दूभर हो गया है।
वहीं केनाल गेट से गढ़ीगोठ, गढीगोठ नया बस्ती से खटीमा सीमा लालकोठी तक शारदा नहर किनारे का मार्ग जगह जगह गड्ढे होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। कांग्रेस ब्लाॅक अध्यक्ष गजेंद्र सामंत, ग्राम प्रधान भावना नेगी, महेश मुरारी, सुमन चंद, दीपक प्रकाश चंद, विनीता देवी, हर्ष बहादुर चंद आदि ने संपर्क मार्गों को दुरुस्त कराने की मांग की है।
इधर बेलबंद्धगोठ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय प्राथमिक पाठशाला का संपर्क मार्ग भी बरसात में कीचड़ से भर गया है। इससे बच्चों को दिक्कतें हो रही हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष बलबीर प्रतापति, सुरेश उप्रेती, दुर्वेंद्र चौहान, इब्ने हसन आदि ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर संपर्क मार्ग की मरम्मत की मांग की है। संवाद