टनकपुर (चंपावत)। मासिक धर्म को लेकर महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले भाजपा नेता ने बृहस्पतिवार को एसडीएम सुंदर सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। भाजपा नेता का कहना है कि यदि वे दोषी हैं तो वे अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर कार्रवाई के लिए तैयार हैं। इधर पुलिस मंदिर के पुजारी की ओर से दी गई तहरीर की जांच कर रही है।
नगर के सीमेंट रोड स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में पीपल का पेड़ काटे जाने को लेकर दो पक्षों में पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। विवाद सुलझाने के लिए बीते बुधवार को एसडीएम सुंदर सिंह ने तहसील में दोनों पक्षों की बैठक बुलाई थी लेकिन इससे पहले सुलह-समझौता होता वहां मौजूद भाजपा ओबासी मोर्चा के एक नेता की ओर से मासिक धर्म को लेकर की गई टिप्पणी से बैठक में मौजूद महिलाएं भड़क गईं थीं।
महिलाएं इतनी आक्रोशित हो गई कि एसडीएम और कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने किसी तरह भाजपा नेता को महिलाओं के चुंगल से निकालकर बचाया। इस घटना के बाद मंदिर के पुजारी रामनारायण दास की ओर से भाजपा नेता के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई। इधर बृहस्पतिवार को आरोपी भाजपा नेता ने भी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग उठाई है। ज्ञापन में उन्होंने उन पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि भाजपा नेता की ओर से फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। वहीं पुजारी की ओर से दी गई तहरीर की जांच की जा रही है।