नगर क्षेत्र में पीने के पानी का अभी से अकाल पड़ने लगा है। जल संस्थान की ओर से हर तीसरे दिन पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन इन दिनों कई मोहल्लों में चौथे दिन भी पानी नहीं मिल पा रहा है। नागरिकों का कहना है कि पानी मिलता भी है तो 20-25 मिनट तक ही रहता है, जो उनकी आवश्यकता का न्यूनतम भाग होता है।
उधर, नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में पाइप लाइनों से काफी पानी रिसाव में बहता रहता है। इस ओर संस्थान का कोई ध्यान नहीं है। चेयरमैन लता वर्मा का कहना है कि वे शुरू से ही प्रतिदिन पानी की सप्लाई के लिए संस्थान के अधिकारियों से अनुरोध करती आ रही हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
नगर के मीनाबाजार में तीन स्थानों कोर्ट गेट, पीडब्ल्यूडी ऑफिस के ऊपर, आदर्श कालोनी गोर्खानगर एवं पश्चिमी बाजार के पीछे की गली में पाइपों से रिसाव होने के कारण काफी पानी बह रहा है। संस्थान का इस ओर ध्यान आकर्षित करने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उधर, जल संस्थान के जलकल अभियंता पवन बिष्ट का कहना है कि बनस्वाड़ पेयजल योजना में 40 फीसदी जल स्तर कम होने एवं इस बीच बिजली की रोस्टिंग होने से कुछ स्थानों पर पेयजल की कटौती की गई थी।
निकट भविष्य में इसी प्रकार जल स्तर कम होने से और दिक्कतें आ सकती हैं। उनका कहना है कि नगर क्षेत्र में बड़ा रिसाव शनिवार को बंद कर दिया गया है। शेष स्थानों पर छोटे-छोटे रिसाव हैं। अक्सर शीतकाल के दौरान लाइनों के सिकुड़ने से रिसाव पैदा हो जाता है।