लोहाघाट में गैस गोदाम भवन ध्वस्त कर पार्किंग का हो रहा निर्माण। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट में तीसरी कार पार्किंगों का निर्माण शुरू हो गया है। इनमें से एक पार्किंग बनकर तैयार हो गई है। दो का निर्माण कार्य चल रहा है। तीनों कार पार्किंगों के शुरू होने के बाद लोगों को अपने वाहनों को पार्क करने में सहूलियत मिलेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद कुमाऊं मंडल विकास निगम ने पुराने गैस गोदाम भवन को ध्वस्त कर यहां बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण शुरू कर दिया।
पार्किंग के लिए 286.90 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पार्किंग में 42 कारों को पार्क करने की सुविधा होगी। लोहाघाट नगर में पार्किंग की कमी से लोगों को अपने वाहनों को पार्क करने में काफी परेशानी हो रही थी। सड़क किनारे वाहन खड़े किए जाने से समय-समय पर जाम की समस्या पैदा होती है।
कोटनगर में वाहनों को पार्क करने में हो रही दिक्कतों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया था। सीएम ने बहुमंजिला पार्किंग की स्वीकृति दी थी। इसका निर्माण भी शुरू हो गया है। पार्किंग का निर्माण होने से लोहाघाट में न केवल पार्किंग की समस्या हल होगी बल्कि यह कुमाऊं के मॉडल शहर के रूप में विकसित होगा। - गोविंद वर्मा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद लोहाघाट।
कोट
बहुमंजिला पार्किंग के लिए 286.90 लाख रुपये मजूर हुए। निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। 42 कारों की क्षमता वाले पार्किंग का निर्माण जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। - संजय जोशी, अवर अभियंता कुमाऊं मंडल विकास निगम।
श्यामलाताल में पॉकेट पार्किंग की मिली स्वीकृति
चंपावत। पर्यटन विभाग की ओर से चंपावत ब्लॉक के श्यामलाताल में जिला योजना से पॉकेट पार्किंग के लिए स्वीकृति मिल गई है। इससे नये पर्यटन स्थल का विकास होगा।
श्यामलाताल में सात लाख की लागत से पॉकेट पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इस तरह की पार्किंग में एक छोटा सामुदायिक पार्क होता है जो आमतौर पर शहरी क्षेत्रों में स्थित होता है। यह पार्क छोटे भूखंडों (खाली प्लॉट या अप्रयुक्त स्थान पर) पर बनाए जाते हैं। इससे समुदाय के सदस्यों को आराम करने, सामाजिक मेलजोल करने और प्रकृति का आनंद लेने के लिए एक जगह मिल जाती है। जिला पर्यटन अधिकारी बलवंत सिंह कपकोटी ने बताया कि जल्द ही पॉकेट पार्क का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। संवाद