जिला अस्पताल में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण करते डीएम। स्रोत: सूचना
चंपावत। जिला अस्पताल में मरीजों को अगले सप्ताह से एमआरआई की सुविधा मिलने की उम्मीद है। अस्पताल में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन लगाने का कार्य शुरू हो गया है। इससे मरीजों को सरकारी दरों पर एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी और उन्हें हायर सेंटर रेफर नहीं होना पड़ेगा।
जिला अस्पताल के सीसीयू में एमआरआई मशीन लगाने का कार्य चल रहा है। इसके बाद इस यूनिट में चार आइसोलेशन वार्ड, दो आईसीयू वार्ड, दो आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, एमआरआई और एक्सरे कक्ष सहित कई उन्नत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। गंभीर और आपातकालीन मरीजों को जिला स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। मरीजों को दूसरे शहरों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सरकारी अस्पताल में उच्च गुणवत्ता की जांच सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध होगी जो गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।
एमआरआई से क्या-क्या होगी जांच
- मस्तिष्क व रीढ़ की हड्डी संबंधी रोग
- जोड़ों व हड्डियों की चोट और विकार पेट और पेल्विस के आंतरिक अंग
- ट्यूमर, स्ट्रोक व तंत्रिका तंत्र की बीमारियां कैंसर की शुरुआती पहचान
कोटजिला अस्पताल में एमआरआई मशीन लगने से चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के मरीजों को राहत मिलेगी। अब उन्हें महंगी जांच के लिए हल्द्वानी, खटीमा या बरेली नहीं जाना पड़ेगा। - मनीष कुमार, डीएम, चंपावत