चंपावत। जिला अस्पताल चंपावत में लोगों को मार्च से सरकारी दरों पर एमआरआई की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सीएसआर मद से 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है।
मार्च के पहले सप्ताह तक मशीन स्थापित करने की तैयारी है। इस सुविधा से चंपावत और पिथौरागढ़ जिले की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। एमआरआई के माध्यम से मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, जोड़ों, पेट और पेल्विस जैसे शरीर के अंगों की विस्तृत जांच होती है। इससे ट्यूमर, चोट, स्ट्रोक और अन्य स्थितियों का पता लगाना आसान होगा। वर्तमान में एमआरआई के लिए लोगों को खटीमा, हल्द्वानी, बरेली जैसे शहरों में जाना पड़ता है, जिससे उनका समय और धन बर्बाद होता है। डीएम मनीष कुमार ने बताया सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह मजबूत कदम है। इससे चंपावत के साथ ही अन्य जिलों के लोगों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
-
पिथौरागढ़ के निजी अस्पताल में एमआरआई सुविधा
वर्तमान में पहाड़ी जिलों की बात करें तो पिथौरागढ़ के एक निजी अस्पताल में ही एमआरआई की सुविधा उपलब्ध है। वहीं बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ में किसी भी सरकारी अस्पताल में एमआरआई की सुविधा नहीं है। ऐसे में यहां एमआरआई का संचालन शुरू होने से लोगों को बाहरी जिलों में नहीं जाना पड़ेगा।
वर्जन
एमआरआई स्थापित करने का काम अंतिम चरण में है। बिजली कनेक्शन का काम किया जाना है। इसके बाद मशीन स्थापित करने की कार्यवाही की जाएगी।
-डॉ. देवेश चौहान, सीएमओ