लोहाघाट (चंपावत)। खेतीखान क्षेत्र सहित सांसद आदर्श गांव गोशनी के लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों ने सांसद अजय टम्टा पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाने के साथ लोकसभा चुनाव प्रत्याशी का गांव में बहिष्कार करने का एलान किया है। एसडीएम और बीडीओ ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें मतदान के लिए समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
बृहस्पतिवार को एसडीएम रिंकू बिष्ट और बीडीओ सुभाष चंद्र लोहनी ने खेतीखान के इंद्रा पार्क में ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने चुनाव में मतदान का महत्व बताने के साथ ही शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक किया। वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि भाजपा सांसद ने खेतीखान क्षेत्र में कोई कार्य नहीं किया है। क्षेत्र विकास की मुख्य धारा से अलग-थलग हो गया है। उन्होंने कहा कि जब तक सांसद के गोद लिए गोशनी गांव में 40 विकास कार्यों की सूची नहीं मिलती है और कार्यों का स्पष्टीकरण नहीं होता है, तब तक खेतीखान क्षेत्र के लोग चुनाव बहिष्कार के साथ प्रत्याशियों का बहिष्कार करेंगे।
बैठक में गोपाल मनराल, नवीन बोहरा, नवीन वर्मा, बृजेश बेाहरा, दीपक देउपा, सुंदर बोहरा, कैलाश सेलिया, रघुवर सिंह बोहरा, संदीप डिक्टिया, प्रदीप जोशी, आलोक वर्मा, निखिल वर्मा, नाथ सिंह बिष्ट, अंकित जुकरिया, अनिल बोहरा, राकेश टम्टा, अरविंद देउपा, दीपक माहरा, सचिन गड़कोटी आदि थे।