फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुद नि:संतान लेकिन ममता की नहीं कमी

Sat, 11 May 2019 11:04 PM IST
बृजमोहन बृजमोहन विनोद काला बनबसा (चंपावत)।
विज्ञापन
वीरांगना सरस्वती चंद। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उसको नहीं देखा हमने कभी, पर उसकी जरूरत क्या होगी, ऐ मां तेरी सूरत से अलग भगवान की सूरत क्या होगी। यह गीतकार की कोरी कल्पना नहीं वरन मां के चरित्र को लेकर वास्तविकता है, एक भावना है, सच्चाई है, एक दर्शन है। मां का रूप वास्तव में भगवान का ही है चाहे वह जन्मदात्री मां हो या फिर वसुंधरा। बनबसा के पचपकरिया निवासी सरस्वती चंद ऐसी ही एक मां हैं। उनके पति उत्तम चंद सन 1962 के भारत- चीन युद्ध में शहीद हुए थे। नि:संतान होते हुए भी सरस्वती चंद ने अपने परिवार के अलावा क्षेत्र के बच्चों को शिक्षित करने में सहयोग देने का बीड़ा उठाया है। वे मां की ममता को प्रदर्शित करते हुए बच्चों को शिक्षित करने में महान योगदान दे रही हैं। 
विज्ञापन


सरस्वती चंद का विवाह वर्ष 1958 में 14 वर्ष की आयु में फौजी उत्तम चंद (20) के साथ हुआ था। वर्ष 1962 में नेफा में लांस नायक के पद पर तैनात उत्तम चंद को भारत-चीन युद्ध में सीमा पर भेजा गया था। 20 अक्तूबर 1962 को शुरू हुए युद्ध में जांबाजी से दुश्मनों के साथ 28 दिनों तक युद्ध करने के बाद वे 16 नवंबर को शहीद हो गए थे। 78 वर्षीय वीरांगना सरस्वती चंद के मुताबिक उनके पति के शहीद होने की सूचना सेना द्वारा भेजे तार से मिली थी। उस समय शहीदों के शव घर तक पहुंचने की सुविधाएं नहीं थी। नि:संतान सरस्वती चंद ने अपना पूरा जीवन समाज को समर्पित कर दिया है।

उन्होंने अपने हिस्से की मात्र सात बीघा भूमि में से पौन बीघा भूमि पचपकरिया प्राथमिक विद्यालय को दान कर दी। वर्ष 2001 में उन्होंने तीन बीघा भूमि शहीद उत्तम चंद सरस्वती विद्या मंदिर को दान में देकर शिक्षा जगत में अद्वितीय सहयोग दिया है। वे स्कूल के बच्चों को अपनी संतान मानते हुए समय-समय पर सहयोग करती रहती हैं। उन्होंने अपने परिवार की कन्याओं को गोद लेकर पढ़ाने के अलावा उनके विवाह में भी योगदान दिया है। एक सच्चे राष्ट्रभक्त शहीद की पत्नी नि:संतान होते हुए भी मां का रूप दर्शाते हुए बच्चों की शिक्षा में अहम भूमिका निभा रही हैं।   
विज्ञापन


अपने खर्च पर स्थापित करवाई शहीद पति की प्रतिमा
बनबसा। सरस्वती चंद ने अपने पति शहीद उत्तम चंद की स्मृति में उनकी प्रतिमा की स्थापना भी अपने खर्च पर शहीद उत्तम चंद विद्यामंदिर स्कूल में कराई है। वे अपने पति के शहीदी दिवस पर स्कूल में ही बच्चों के अलावा सैनिकों, पूर्व सैनिकों, क्षेत्र के लोगों को भोज भी कराती हैं। गौरव सेनानी कल्याण समिति के सहयोग से फौजी उत्तम चंद के शहीदी दिवस पर कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें