उत्तर भारत के सुविख्यात मां पूर्णागिरि धाम में मोबाइल फोन की घंटी बजनी शुरू हो गई है। अब मां के दर्शन को आने वाले यात्री भी पूर्णागिरि से ‘अपनों’ का न सिर्फ हाल-चाल जान सकेंगे, बल्कि हाई स्पीड थ्री जी इंटरनेट से देश-विदेश में अपनों से जुड़ सकेंगे। सेलागाड़ क्षेत्र में बीएसएनएल ने टावर खड़ाकर बुधवार देर शाम पूर्णागिरि धाम के लिए संचार सेवा शुरू कर दी है।
नेपाल सीमा से सटा होने के कारण पूर्णागिरि धाम अब तक संचार सेवा से वंचित था। बीएसएनएल के सहायक तकनीकी अधिकारी दीपक पासवान ने बताया कि बुधवार को भैरव मंदिर के पास सेलागाड़ में बनाए गए मोबाइल टावर का विद्युत कनेक्शन जुड़ गया है और देर शाम संचार सेवा भी सुचारु कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मोबाइल टावर की हवाई रेंज पांच से छह किमी है।
पुजारियों और व्यापारियों ने जताई खुशी
मां पूर्णागिरि धाम में मोबाइल की घंटी बजते ही पुजारियों और व्यापारियों में खुशी की लहर है। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त अवनेंद्र सिंह नयाल, जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी, एसडीएम नरेश दुर्गापाल और बीएसएनएल के अधिकारियों का आभार जताया। व्यापार मंडल अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय और मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने कहा कि संचार सेवा मुहैया होने से न सिर्फ श्रद्धालुओं को बल्कि आसपास के दुर्गम गांवों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा है। पूर्णागिरि में तीर्थाटन के विकास में संचार सेवा मील का पत्थर साबित होगी। खुशी जताने वालों में मोहन पांडेय, महेश पांडेय, महेश तिवारी, हरीश तिवारी, हेम चंद्र पांडेय, पूर्व प्रधान भावना तिवारी, मथुरा दत्त पांडेय, बीडीसी सदस्य रेखा पांडेय, भैरव दत्त पांडेय, प्रकाश पांडेय, शंकर तिवारी, धर्मानंद पांडेय आदि शामिल हैं।