मां पूर्णागिरी मंदिर समिति के उपाध्यक्ष पंडित नेत्र बल्लभ तिवारी ने मां पूर्णागिरी मंदिर धाम के मुख्य मंदिर की पहाड़ी में आई दरार को शीघ्र भरने की जरूरत बताई। कहा कि पहाड़ी में दरार लगातार चौड़ी हो रही है, जिससे मंदिर की सुरक्षा को खतरा बन रहा है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
पंडित तिवारी ने कहा कि मां पूर्णागिरी धाम से चंपावत जिले को प्रदेश से बाहर भी पहचान मिल रही है। ऐसे में इसे मुख्य तीर्थस्थल में शामिल करने के लिए ठोस कदम उठाया जाना जरूरी है। कहा कि बूम से मुख्य मंदिर के करीब 13 किलोमीटर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाए। वन आरक्षित भूमि होने की वजह से मेला क्षेत्र के विस्तार पर ग्रहण लग रहा है। समिति उपाध्यक्ष ने इसके लिए मेला क्षेत्र में लीज पर जमीन अधिग्रहीत करने का सुझाव दिया।