विधायक कैलाश गहतोड़ी को ज्ञापन सौंपते मां पूर्णागिरि धाम के पुजारी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। शारदीय नवरात्रों में लोग मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन कर सकेंगे। डीएम ने कहा है कि मंदिर समिति के साथ बैठक कर कोरोना बचाव के नियमों का पालन सुनिश्चित कर धाम के कपाट खोले जाएंगे।
मंदिर समिति अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय की अगुवाई में बुधवार को पुजारियों का एक शिष्टमंडल विधायक कैलाश गहतोड़ी से उनके बनबसा स्थित आवास पर मिला। उन्होंने विधायक से शारदीय नवरात्र में धाम के कपाट खोलने का आग्रह किया। इससे पूर्व भी मंगलवार को पुजारियों ने डीएम को ज्ञापन भेजकर धाम के कपाट खोलने की गुहार लगाई थी। पुजारियों के आग्रह पर विधायक गहतोड़ी ने बुधवार को इस संबंध में डीएम एसएन पांडेय से फोन पर वार्ता की। विधायक गहतोड़ी ने बताया कि डीएम ने शारदीय नवरात्र में धाम के कपाट खोलने का आश्वासन दिया है। इससे पूर्व प्रशासन मंदिर समिति के साथ बैठक कर कोरोना संक्रमण से बचाव के नियम तय करेगा। बता दें कि कोरोना संकट के कारण पिछले छह माह से पूर्णागिरि धाम के कपाट बंद हैं। विधायक से मिलने वालों में जमुना दत्त पांडेय, इंद्रदेव पांडेय, दिनेश चंद्र पांडेय, मुकेश पांडेय, अनिल पांडेय, पूरन चंद्र पांडेय, हिमांशु पांडेय, कृष्णानंद पांडेय आदि शामिल थे।