विश्वनाथ-जगदीशिला यात्रा का इस जिले में पहुंचने का काउंटडाउन शुरू होने के साथ ही तैयारियों में भी तेजी आ गई है। सोमवार को चंपावत में यात्रा के स्थानीय आयोजकों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। डोली रथ यात्रा 16 मई को यहां पहुंचेगी। दूसरे दिन 17 मई को अल्मोड़ा जिले को रवाना होगी। यात्रा संयोजक प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी यात्रा के दौरान देवीधुरा में मां बाराही धाम में भी मत्था टेकेंगे।
चंपावत के संयोजक विकास साह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रा को अंतिम रूप दिया गया। पिथौरागढ़ से 16 मई की सुबह 10 बजे यात्रा लोहाघाट में प्रवेश करेगी। यहां से देवीधार मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी। अपरान्ह एक बजे यात्रा बालेश्वर मंदिर में पहुंचेगी। इस ऐतिहासिक मंदिर की परिक्रमा और पूजन के बाद शाम चार बजे मां बाराही धाम देवीधुरा को रवाना होगी। 17 मई को देवीधुरा से अल्मोड़ा जिले के शहर फाटक चलनीछीना में कार्यक्रम होगा। बैठक में कैप्टन बिंदु सिंह मौनी, सुरेश खर्कवाल, सूरज प्रहरी, रोहित बिष्ट, प्रकाश सिंह, हरीश नाथ, नीरज साह, दान सिंह आदि मौजूद थे।