चंपावत। चंपावत जिले में नए साल का जश्न मुख्य रूप से मां पूर्णागिरि धाम में माता के दर्शन कर मनाया जाता है। जिले में सबसे ज्यादा पर्यटक मां पूर्णागिरि धाम में उमड़ेंगे। पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी का कहना है कि 31 दिसंबर दोपहर बाद से श्रद्धालुओं का धाम पहुंचना शुरू हो जाएगा। उम्मीद है कि 20 हजार से अधिक लोग देवी दर्शन के साथ नववर्ष का शुभारंभ करेंगे।
इसके अलावा चंपावत जिले में होटल बुकिंग को लेकर खास उत्साह नहीं है। सिर्फ लोहाघाट के पास एबटमाउंट के आठ इको हट में से पांच की अब तक ऑनलाइन बुकिंग हुई है। केएमवीएन के स्वामित्व वाले एबटमाउंट के प्रबंधक हरीश पुनेठा ने बताया कि एबटमाउंट में एक इको हट का किराया 4800 रुपये है। टनकपुर के पर्यटक आवास गृह में बुकिंग नहीं है। मरम्मत कार्य होने की वजह से चंपावत का टीआरएच अभी यात्रियों के लिए बंद है। निजी होटलों में बुकिंग अभी शुरू नहीं हुई है।