मां पूर्णागिरि धाम में अष्टमी, नवमी पर 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के चरणों पर शीश नवाए। भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को देवी के दर्शन के लिए घंटों लाइन में खड़े रहकर प्रतीक्षा करनी पड़ी। आलम यह था कि पुलिस को काली मंदिर से मुख्य मंदिर के बीच जगह-जगह बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा। इधर, क्षतिग्रस्त कुलाड़ीगाड़ पेयजल लाइन दुरुस्त नहीं किए जाने से काली मंदिर क्षेत्र की जलापूर्ति ठप पड़ी है।
वहीं, मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला, ठुलीगाड़ थानाध्यक्ष राजेश पांडेय, भैरव मंदिर थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह मेले की व्यवस्थाओं पर बराबर नजर रखे रहे। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम चन्याल ने जलसंस्थान के जेई को क्षतिग्रस्त कुलाड़ीगाड़ पेयजल लाइन को शीघ्र दुरुस्त कर जलापूर्ति सुचारु करने को कहा है।
श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन किया
मां पूर्णागिरि के दर्शन को आए श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन के उपरांत शारदा स्नानघाट पर कन्याओं का पूजन किया। कन्याओं के पैर धोकर उनकी पूजा कर भोजन कराया गया। जगह-जगह हुए कन्या पूजन से घाट क्षेत्र में भक्ति का वातावरण बना रहा।
भक्तों ने भंडारे लगाकर की श्रद्धालुओं की सेवा
अष्टमी, नवमी पर कई भक्तों ने मेला क्षेत्र में भंडारा लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की। पूर्णागिरि धाम के प्रवेश द्वार ठुलीगाड़ भंडारा स्थल के अलावा शारदा स्नानघाट एवं टनकपुर बैराज में भी भंडारे लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। ब्लॉक में सांसद प्रतिनिधि नरेश सकारी एवं पूर्व सभासद भीम रजवार ने शारदा स्नानघाट पर भंडारा लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की।
टैक्सी एसोसिएशन ने ठुलीगाड़ में वाटर कूलर लगाया
मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्री पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन ने धाम के प्रवेश द्वार ठुलीगाड़ में थाने के पास तीन सौ लीटर का वाटर कूलर लगाया है। रविवार को सीओ आरएस रौतेला ने इस पेयजल सुविधा का शुभारंभ किया। इस मौके पर ठुलीगाड़ थानाध्यक्ष राजेश पांडेय, टैक्सी एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद बिष्ट, गंगू पुरी, राजेंद्र चंद, एम गुप्ता अनिल सिंह आदि मौजूद थे।