टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम में बुधवार को 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। इस बीच मेला अधिकारी भगवत पाटनी ने बूम से लेकर काली मंदिर तक साफ सफाई, लाइटिंग, पेयजल, आवासीय आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं ठीक मिली लेकिन कई जगह बिजली के बल्ब फ्यूज मिले तो कई जगह पानी की समस्या सामने आई। उन्होंने पानी और बिजली की समस्याओं को तत्काल दुरुस्त करने निर्देश दिए।
उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी ने भी भैरव मंदिर और काली मंदिर के पास बने स्वास्थ्य कैंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर स्टाफ नर्स नहीं मिली। सीएमएस ने बताया कि स्टाफ नर्स को चेतावनी दी गई है। भैरव मंदिर एसओ हेमंत कठैत ने बताया कि बुधवार को करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। इसके अलावा पुलिस और एसएसबी ने पूर्णागिरि मार्ग पर सुरक्षा को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण भी दिया गया। करीब 50 अपरिचित व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया। इधर ट्रेनों से भी श्रद्धालुओं का रेला आने से स्टेशन परिसर भी मां के जयकारों से गुंजायमान रहा। संवाद