पूर्णागिरि (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं का उमड़ना जारी है। 14 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। भीषण गर्मी में भी मां के जयकारों से धाम गुंजायमान रहा। शुक्रवार को सुबह से ही श्रद्धालु पड़ाव क्षेत्रों में पहुंचना शुरू हो गए। इस बीच नगर के रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, टैक्सी स्टैंड के साथ ही ठूलीगाड़ में भी श्रद्धालुओं की गहमागहमी रही। ठूलीगाड़ में भंडारे लगते रहे। मंदिर में सुबह और शाम के समय दर्शन के लिए अधिक लंबी लाइन लगती रही। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने बताया कि मां के डोले के साथ पैदल जत्थे भी बड़ी संख्या में आ रहे हैं। मेले में पेयजल, स्वास्थ्य और सफाई का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इधर, नगर के शारदा घाट में स्नान के लिए दिन भर श्रद्धालु उमड़ते रहे। संवाद
20 दिन ब्रेक के बाद पूर्णागिरि मेले में बस सेवा फिर शुरू
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में करीब 20 दिन ब्रेक के बाद एक बार फिर रोडवेज की बस सेवा शुरू हो गई है। इससे भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं को आवाजाही में सुविधा मिल रही है।
फरवरी में मेला शुरू होते ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टनकपुर डिपो ने ठूलीगाड़ तक नियमित दो बसों का संचालन किया। यहां तक कि यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए डिपो की ओर से ठूलीगाड़ से बरेली और पीलीभीत के लिए भी सीधी बस सेवा संचालित की गई।
एआरएम पांडेय ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण यात्रियों की संख्या में कमी आने पर बीते दो मई से बस सेवा संचालन बंद कर दिया गया था। अब एक बार फिर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए शाम चार बजे से एक बस ठूलीगाड़ तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों की संख्या के आधार पर बस बढ़ाई जाएंगी। इधर, पीलीभीत, बरेली आदि रूटों पर संचालित बसों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। संवाद