चंपावत। जिले में महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मानव दिवस और रोजगार सृजन में चंपावत ब्लॉक अव्वल है। चंपावत ब्लॉक में सर्वाधिक 12637 जॉब कार्ड धारकों में से 990 से अधिक श्रमिकों को सालभर में 100 दिन का रोजगार दिलाया गया है, जबकि लोहाघाट ब्लॉक में सबसे कम 5196 श्रमिकों को मजदूरी मिली है। लोहाघाट में 471 जॉब कार्ड धारकों को 100 दिन का रोजगार दिया गया है।
बाराकोट ब्लॉक में 6489 मानव दिवस सृजन के साथ ही 480 श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार दिया गया है। पाटी ब्लॉक में 9305 जॉब कार्ड धारकों में 6845 मानव दिवस सृजित होने के साथ 807 श्रमिकों को वर्षभर में 100 दिन का रोजगार दिलाया गया है। सीडीओ आरएस रावत के अनुसार, सालभर में मनरेगा के तहत 3742 कार्यों और योजनाओं में से 1401 योजनाओं को पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 2341 कार्यों और योजनाओं में कार्य प्रगति पर है।
जिले में 35661 जॉब कार्ड धारकों में से 31505 को मिला काम
चंपावत। जिले के चारों विकासखंडों में कोरोना काल में 35661 जॉब कार्ड धारकों में से 31505 जॉब कार्ड धारकों को मनरेगा में काम मिला। सीडीओ आरएस रावत ने बताया कि चंपावत में 12637, लोहाघाट में 7726, बाराकोट में 5993, पाटी विकासखंड में 9305 जॉब कार्ड धारकों में से 2748 श्रमिकों को सौ दिन का रोजगार दिया जा चुका है।
मुडियानी ग्राम पंचायत में 1100 मानव दिवस सृजित
चंपावत। जिला मुख्यालय की समीपवर्ती मुडियानी ग्राम पंचायत में एक वर्ष में रिकॉर्ड 1100 मानव दिवस सृजित किए गए हैं। बीडीओ कमल किशोर पांडेय के अनुसार, ग्राम पंचायत में ग्रामीणों की जागरूकता के कारण सर्वाधिक मानव दिवस सृजित करने में सफलता मिली है।