कांग्रेस की छात्र शाखा एनएसयूूआई ने रविवार को मोदी सरकार का पुतला फूंका। केंद्र के दो मंत्रियों सहित भाजपा सरकार के कुल चार मंत्रियों पर लगे आरोपों के मद्देनजर बर्खास्तगी की मांग की गई। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा गया।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और महाराष्ट्र की कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे पर लगे गड़बड़ियों के अलग-अलग आरोपों को एनएसयूआई ने गंभीर बताया है। उनका कहना है कि आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की मदद करने, डिग्री विवाद से लेकर ठेकों को देने में घोटाले जैसे मामलों के उजागर होने से प्रधानमंत्री का ईमानदारी का दावा हवा-हवाई हुआ है। वीर कालू सिंह माहरा चौक में कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार का पुतला फूंककर आक्रोश जताया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजय ढेक, नवीन राय, जिपं सदस्य भोला सिंह बोहरा, शुभम माहरा, भुप्पी चौबे, मनोज बडोला, प्रकाश माहरा, नेहा गडकोटी आदि मौजूद थे।