चंपावत में चलते फिरते अस्पताल के संचालन में समन्वय के लिए हंस फाउंडेशन के प्रतिनिधियों की बैठक ल?
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर-बनबसा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों को हंस फाउंडेशन चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराएगा। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग और फाउंडेशन के प्रतिनिधियों की बैठक में हंस फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक आलोक सिंह ने कहा कि जिले के मैदानी हिस्सों के ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस की मदद से स्वास्थ्य सुविधाविहीन क्षेत्रों में इलाज दिया जाएगा। इन क्षेत्रों को भौगोलिक रूप से नजदीक होने की वजह से खटीमा की मोबाइल मेडिकल यूनिट कवर करेगी। चंपावत जिले में फाउंडेशन की पांचों एंबुलेंस पर्वतीय क्षेत्रों में सेवाएं दे रहीं हैं।
सीएमओ ने कहा कि हंस फाउंडेशन के साथ समन्वय बढ़ाने के साथ चिकित्सा शिविरों में स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। फाउंडेशन के जिला समन्वयक सुरेश तिवारी ने बताया कि नियमित रूप से लगने वाले शिविरों के अलावा बहुउद्देश्यीय और अन्य विभागीय शिविरों में भी चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।
डायलिसिस यूनिट के चंपावत के प्रभारी अरविंद बिष्ट ने बेहतर सेवा के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता और बिजली बाधित रहने पर जनरेटर सेवा सुचारु करने का सुझाव दिया। एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय, डॉ. कुलदीप यादव के अलावा हंस फाउंडेशन की पांचों एंबुलेंस के डॉक्टर, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन, चालक आदि मौजूद थे।