बस्तिया ग्राम पंचायत में मास्क पहन कर और सामाजिक दूरी बनाकर मनरेगा के तहत निर्माण कार्य में जुटी
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर बस्तिया ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत निर्माण कार्य शुरू किया गया है। काम कर रही महिलाएं काम के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन कर रही हैं। लॉकडाउन में रियायत से मिली राहत ने ग्रामीण मजदूरों में खुशी का माहौल है। बस्तिया की प्रधान कविता धौनी ने बताया कि शुक्रवार को ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। गांव में करीब 30 मीटर लंबी फसल सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें गांव की पांच महिलाएं और एक पुरुष को रोजगार दिया गया है। काम कर रहे लोग कोरोना संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन करते हुए निर्माण कार्य में लगे हैं। लॉकडाउन में रियायत के तहत ग्राम पंचायत में शुरू हुए निर्माण कार्य पर ग्रामीणों के साथ ही निर्माण कार्य में लगे लोगों ने भी रोजगार मिलने पर खुशी जताई है। संवाद