खुशाल सिंह अधिकारी, विधायक लोहाघाट
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और पाटी के प्रभारी एसओ बिपुल जोशी के विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसकी जानकारी मिलने के बाद विधायक ने गहरी नाराजगी जताई है। विधायक ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर साजिश के तहत अधूरे वीडियो को अपलोड कर उनकी छवि को धूमिल करने का कार्य किया गया है। विधायक ने ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
बुधवार को विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि सोमवार को भिंगराड़ा में अग्निवीर जवान के अंतिम संस्कार में वह भी श्रद्धांजलि अर्पित करने गए थे। इसी बीच उन्होंने भीड़ और अव्यवस्थाएं देखते हुए एक जनप्रतिनिधि होने के नाते पाटी के प्रभारी एसओ से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए कहा। इस बीच प्रभारी एसओ ने उनकी बात का सही उत्तर न देते हुए उत्तेजित होकर दुर्व्यवहार किया जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा भी हुई।
विधायक ने कहा कि बाद में सीओ शिवराज सिंह राणा और एसओ के साथ बैठकर हुई वार्ता के बाद मामला शांत हो गया था। प्रभारी एसओ ने भी अपनी गलती महसूस कर सॉरी बोला था। विधायक ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने अधूरा वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। वीडियो की शुरुआत काट दी गई है जिसमें पुलिस ने उनके साथ गलत व्यवहार किया था। वहीं सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि दोनों पक्षों में कहासुनी का मामला एक-दूसरे को न पहचान पाना था। बाद में उनकी मौजूदगी में प्रभारी एसओ ने भी गलती स्वीकार की थी। सीओ ने बताया कि मामला वहीं पर शांत हो गया था।