अनियंत्रित यातायात व्यवस्था, राष्ट्रीय राजमार्ग और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के बीच यमदूत बने ट्रक ने बुधवार को सेंट फ्रांसिस स्कूल स्कूल के आठवीं के एक छात्र की जान ले ली। साइकिल से घर लौट रहे छात्र को स्कूल से करीब सौ मीटर दूर खनिज लेकर आ रहे शक्तिमान ट्रक ने कुचल दिया। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर हंगामा कर पुलिस एवं प्रशासन की ढीली कार्यशैली को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कोतवाली का घेराव कर स्कूल के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े होने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की।
चंपावत वन प्रभाग के दोगाड़ी रेंज में तैनात वन रक्षक ओमप्रकाश भारती का इकलौता बेटा 14 वर्षीय कुणाल स्कूल की छुट्टी होने पर साइकिल से घर लौट रहा था। विद्यालय से सौ मीटर दूर सड़क पर सरिया पड़ी होने एवं एक ट्रक खड़ा होने के कारण वह सड़क के बीच में आ गया। इसी बीच पीछे से खनिज सामग्री लेकर आ रहे शक्तिमान ट्रक (यूए 03/0638) ने उसको अपनी चपेट में ले लिया। कुणाल का सिर ट्रक के टायर के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक को घटनास्थल से कुछ दूर छोड़कर फरार हो गया।
घटनास्थल पर विद्यालय स्टाफ एवं अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संयुक्त चिकित्सालय भेजा। हादसे से गुस्साए लोगों ने अनियंत्रित यातायात एवं राजमार्ग के किनारे किए गए अतिक्रमण को हादसे का कारण बताते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल के पास सड़क किनारे रखी सरिया एवं ईंटों के साथ सीमेंट अनलोड कर रहे ट्रक को सीज किया और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।
मुस्कुराते कुणाल को पल भर में मौत की नींद सुला गया ट्रक
स्कूल से मुस्कुराते हुए घर लौट रहे कुणाल को शक्तिमान ट्रक पल भर में मौत की नींद सुला गया। आठवीं कक्षा में पढ़ रहा कुणाल छुट्टी के बाद स्कूल के गेट पर दोस्तों को अलविदा कर मुस्कुराते हुए घर के लिए रवाना हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से पहले कुुुणाल प्रसन्न मुद्रा में साइकिल से अपनी साइड पर चल रहा था कि पीछे से आए शक्तिमान ट्रक ने पल भर में उसे मौत की नींद सुला दिया।
इकलौता पुत्र था कुणाल
टनकपुर। सड़क हादसे में मृत छात्र कुणाल चंपावत वन प्रभाग के दोगाड़ी रेंज में तैनात वन रक्षक ओमप्रकाश भारती का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से मां एवं दो छोटी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका परिवार मूूलरूप से देवरिया जिले की बरहज तहसील के नरियाऊ गांव का रहने वाला है। पिछले 12 सालों से कुणाल का परिवार लीसा डिपो स्थित वन विभाग के सरकारी आवास में रह रहा है। हादसे की खबर सुनने के बाद उनके घर में परिजनों को ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा रहा।
अभी दर्ज नहीं कराई गई है हादसे की रिपोर्ट
टनकपुर। कुुणाल के मौत के मामले में परिजनों ने फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। अलबत्ता पुलिस ने हादसे में लिप्त ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि ट्रक चालक प्रकाश चंद्र जोशी निवासी थ्वालखेड़ा टनकपुर हादसे के बाद घटना स्थल पर ट्रक छोड़ कर फरार हो गया था, जिसे बाद में हिरासत में ले लिया गया। कुछ लोग चालक के शराब के नशे में होने की बात कह रहे थे, लेकिन उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है, उसमें शराब पीये होने की पुष्टि नहीं हुई है। कोतवाल ने बताया कि एनएच पर सरिया एवं ईंटें रखकर अतिक्रमण करने वाले व्यापारी सत्यप्रकाश गुप्ता और कपिल इंटरप्राइजेज के स्वामी के खिलाफ पुलिस एक्ट के साथ ही अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है, जबकि सीमेंट अनलोड करने को सड़क पर खड़े दस टायर ट्रक (यूके 06 सीबी/0898) को सीज किया गया है। उसके चालक के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।