फीता काटकर शारदा के अप स्ट्रीम से खनिज निकासी का शुभारंभ करते एसडीएम दयानंद सरस्वती, खनन प्रभारी
- फोटो : TANAKPUR
शारदा के अप स्ट्रीम से शुक्रवार को खनिज निकासी शुरू हो गई। एसडीएम दयानंद सरस्वती ने निकासी गेट के तौल कांटे पर फीता काटकर निकासी का शुभारंभ किया। उन्होंने खनन विभाग को निर्बाध रूप से खनिज निकासी सुुचारु रखने के निर्देश दिए।
पहले दिन 66 वाहनों से करीब साढ़े तीन सौ घन मीटर खनिज निकासी हुई। इधर बिजली गिरने से डाउन स्ट्रीम के तौल कांटे के सेल फुंकने से निकासी बंद रही। तकनीशियनों की टीम कांटे की मरम्मत में जुटी है।
खनन विभाग ने बीते 15 नवंबर को ही डाउन स्ट्रीम का खनिज निकासी गेट खोल दिया था लेकिन वाहन मालिकों ने खनिज निकासी शुरू नहीं की। प्रशासन की सख्ती के बाद डाउन स्ट्रीम से बीते 28 दिसंबर से निकासी शुरू की गई और शुक्रवार को अप स्ट्रीम से भी निकासी शुरू कर दी गई। इधर बृहस्पतिवार को बिजली गिरने से डाउन स्ट्रीम के तौल कांटों के सेल फुंकने से निकासी बंद रही।
खनन प्रभारी हरीश पाल ने बताया कि तौल कांटे में लगे छह से आठ सेल फुंक गए हैं। तकनीशियनों की टीम कांटे को दुरुस्त करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि शारदा के अप और डाउन स्ट्रीम से फिलहाल 4 लाख 33 हजार घन मीटर खनिज निकासी की अनुमति मिली है। निकासी की मात्रा बाद में बढ़ सकती है।