चंपावत। जिले के दूरस्थ गांवों में कोरोना महामारी के कारण वापस लौट रहे प्रवासियों को पूर्व की भांति विद्यालयों और पंचायत घरों में क्वारंटीन किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को सीमांत मंच स्थित वन विभाग के डाक बंगले में अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर मंच स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल किट की उपलब्धता, आशा, आंगनबाड़ी, ग्राम प्रहरी, अध्यापकों के सहयोग से प्रभावी नियंत्रण रखने को लेकर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि क्वारंटीन सेंटर और होम आइसोलेशन के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। खंड विकास अधिकारी जुगल किशोर पांडेय ने सभी जनप्रतिनिधियों से पूर्व की भांति सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य संगीता महर, दलीप सिंह महर, बीडीसी सदस्य मनोज जोशी, ग्राम विकास अधिकारी जगदीश कार्की, तामली थानाध्यक्ष प्रमोद सिंह, दीपक सिंह, भीम दत्त शर्मा, जसवंत सिंह, गौरी सिंह, देव कुमार, विनीता देवी, शेर सिंह महर, राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।