जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय ने बताया कि चंपावत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की दोनों बंद सड़कों को खोल दिया गया है। वहीं, मध्य गंगोल राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में दो विशालकाय पेड़ गिर गए। पेड़ गिरने से बड़ा हादसा तो नहीं हुआ, मगर परिसर की दीवार का एक हिस्सा टूट गया है।
भनोली-सिब्यौली मार्ग बुधवार शाम और बंतोली-दियारतोली मार्ग बृहस्पतिवार सुबह से बंद था। यह मार्ग बृहस्पतिवार शाम चार बजे खोल दिए गए। वहीं बीते 24 घंटों में चंपावत में महज 8 मिलीमीटर, लोहाघाट में 3 मिमी, पाटी में 4 मिमी और बनबसा में 19 मिमी हुई। मध्य गंगोल जीआईसी में अचानक दो पेड़ गिर गए। प्रभारी प्रधानाचार्य फकीर राम विश्वकर्मा ने बताया कि स्कूल बंद होने के बाद पेड़ गिरने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है। अलबत्ता स्कूल परिसर की चहारदीवारी का एक हिस्सा टूट गया। शिक्षक करन टोलिया ने मामले की जानकारी वन और आपदा विभाग को दी है।