लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड लोहाघाट के नेपाल सीमा को जोड़ने वाली किमतोली से रौंसाल एवं खालगढ़ा से चमदेवल मोटर मार्ग पर डामरीकरण की मांग के लिए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि किमतोली से रौसाल और खालगढ़ा से चमदेवल तक मोटर मार्ग की हालत बेहद खराब है। सड़क पर जगह जगह बने गड्ढे दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं, पानी की निकासी के कोई इंतजाम नहीं है। बरसात का पानी सड़क पर बहने से सड़क की हालत और खराब होती जा रही है। सड़कों की बदहाली के चलते करीब 30 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। लोनिवि लोहाघाट की ओर से काम चलाऊ व्यवस्था के तहत डामरीकरण किया जा रहा है। नेपाल सीमा को जोड़ने वाली सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क को हॉटमिक्स करने की मांग शासन प्रशासन के अलावा कई मंचों में उठाई जा चुकी है, लेकिन इसकी हालत ठीक नहीं हो पा रही। हिमेश ने लोगों की दिक्कतों और नेपाल सीमा की इस सड़क पर जल्दी हॉटमिक्स करने की मांग की है। इस मौके पर अमन, केदार सिंह, रवि, मुकेश, दीपांशु रावत आदि शामिल थे।