चंपावत। चिकित्सा कर्मियों का प्रतिमाह एक दिन का वेतन काटे जाने के विरोध में पिछले एक सप्ताह से काले फीते बांधकर आंदोलन कर रहे डॉक्टर मंगलवार से काले फीते नहीं बांधेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से वार्ता के बाद प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने अपना आंदोलन वापस लेने का एलान किया है।
पीएमएस के सचिव डॉ.शोभित तिवारी ने बताया कि संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेश सिंह नपलच्याल, महासचिव डॉ. मनोज वर्मा एवं डॉ. एन.एस बिष्ट ने संघ की विभिन्न मांगों को लेकर वार्ता की। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए इस मामले में सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया है। आंदोलन के तहत सोमवार को चंपावत और लोहाघाट में डाक्टरों ने बांहों में काले फीते बांधकर मरीजों का उपचार किया। डॉ.एलएम रखोलिया ने बताया कि मंगलवार से काला फीता बांधने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। इस मौके पर डॉ. कुंजित जोशी, डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. लवप्रीत कौर, डॉ.रविंद्र बोहरा, डॉ.कृतिका, डॉ. सोनाली मंडल, डॉ. चित्रलेखा आदि शामिल रहे। संवाद