प्रेम प्रसंग के चलते शनिवार की रात पड़ोसी महिला के घर में घुसे शादी-शुदा युवक और महिला को परिजनों ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। दोनों को कमरे में बंद कर दिया गया। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने युवक की जमकर धुनाई की फिर दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। महिला के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने युवक का चालान कर छोड़ दिया। निर्भया प्रकोष्ठ ने महिला की काउंसिलिंग की।
जानकारी के मुताबिक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले शहर के वार्ड संख्या एक शारदा चुंगी निवासी विकास पाल उर्फ छोटू का पड़ोस में रहने वाली एक विवाहिता से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला के परिजनों द्वारा कई बार समझाने के बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। बताया गया कि शनिवार की रात महिला का पति घर पर नहीं था। विकास महिला के कमरे में घुस गया। आपत्तिजनक स्थिति में देख महिला के ससुर ने दोनों को कमरे में बंद कर दिया। पता चलने पर मोहल्ले के लोगों का जमघट लग गया। पुलिस की मौजूदगी में कमरा खोला गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी।
कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि महिला के ससुर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 451 व 497 के तहत केस दर्ज किया गया। चालान के बाद उसे छोड़ दिया गया। इधर, निर्भया प्रकोष्ठ की काउंसलर मीनू पंत ने विवाहिता की काउंसिलिंग की। महिला के ससुर और पति ने उसे ले जाने से इन्कार कर दिया।