चंपावत/लोहाघाट। शासन की ओर से कोविड कर्फ्यू में ढील देकर शुक्रवार को शाम पांच बजे तक सभी दुकानें खोलने की अनुमति दिए जाने के बाद बाजार में भारी भीड़ रही। लोग अपने दोपहिया, चौपहिया वाहनों से खरीददारी करने बाजार में पहुंचे। इस दौरान चंपावत और लोहाघाट मुख्य बाजार में कई बार जाम लगने की नौबत आई।
लोहाघाट में वाहनों को आड़े तिरछे खड़ा करने और बाजार में भीड़ के चलते करीब 40 मिनट से अधिक समय तक पैट्रोल पंप से लेकर पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड, स्टेशन बाजार से लेकर शीतला माता मंदिर रोड तक भारी जाम लग गया। इस दौरान सभी स्थानों में वाहनों के पहिये थम गए। जाम को खुलवाने में यातायात पुलिस के पसीने छूट गए। लोगों ने भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को चाक चौबंद रखने की मांग की। लोगों का कहना है कि डाक बंगला रोड पर रोज मनमाने तरीके से वाहनों को खड़ा करने के साथ हर वक्त माल वाहक वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे जाम की स्थिति पैदा हो रही है। (संवाद)