चंपावत में बंद पड़ा एसबीआई का मुख्य एटीएम।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार तक बैंकों में ताले लटके रहेंगे। इस दौरान बैंकों का एटीएम में पर्याप्त धनराशि डालने का दावा धरा रह गया। अवकाश के पहले ही दिन शनिवार को जिला मुख्यालय के अधिकांश एटीएम ने जवाब दे दिया। एटीएम में रुपया नहीं होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने एटीएम के कई चक्कर लगाए, लेकिन धनराशि नहीं निकलने से वह परेशान रहे। एसबीआई का मुख्य एटीएम तकनीकी दिक्कतों के चलते 25 दिनों से बंद पड़ा हुआ है।
माह के चौथे शनिवार, रविवार और सोमवार को क्रिसमस डे के चलते बैंकों में तीन दिन की छुट्टी है। इन तीन दिनों के अवकाश के दौरान तमाम बैंकों ने एटीएम में पर्याप्त धनराशि डालने का दावा किया, लेकिन उनका ये दावा पहले ही दिन धाराशायी हो गया। जिला मुख्यालय के अधिकांश एटीएम या तो बंद रहे या फिर नकदी नहीं होने से शो-पीस बने रहे। रमेश चंद्र, गिरीश भट्ट, योगेश कुमार, सुनीता आदि का कहना था कि शहर के कई एटीएम के चक्कर लगाए, लेकिन कहीं से भी धनराशि नहीं निकल सकी। जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
चंपावत में एसबीआई का मुख्य एटीएम बीते 25 दिनों से बंद पड़ा हुआ है। जबकि गोरलचौड़ मार्ग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम शनिवार को बंद रहा। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक, कलक्ट्रेट, शांत बाजार और गोरलचौड़ रोड स्थित एसबीआई के एटीएम नगदी नहीं होने से शो-पीस बने रहे। अलबत्ता यूनियन बैंक, यूको, केनरा और आईडीबीआई के एटीएम से धनराशि निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
कोट
500 और 2000 रुपये के नोट नहीं होने से दिक्कतें आ रही है। 100 रुपये के नोट भी मांग के अनुरूप नहीं मिल पा रहे हैं। जिला मुख्यालय के 16 एटीएम में प्रतिदिन 50 लाख रुपये की जरूरत होती है। रिजर्व बैंक से पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं होने से दिक्कतें आ रही है। एसबीआई का मुख्य एटीएम तकनीकी दिक्कतों के चलते बंद है। -हीरा सिंह पांगती, मुख्य प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, चंपावत।