राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में दो दिनी ब्लाक स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में मनोज, निशा, ललित, हीरा, मनीषा ने बाजी मारी।
शुक्रवार को विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। उन्होंने ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं की विभिन्न क्रीड़ा सामग्री खरीदने के लिए 1.5 लाख रुपये देने की घोषणा की। शिक्षक जीवन मेहता के संचालन में हुई छात्रों की 5000 मीटर दौड़ में मनोज सिंह ने पहला, गोविंद बोहरा ने दूसरा व अमित बिष्ट ने तीसरा और छात्राओं में निशा बोहरा ने पहला, सोनू बोहरा ने दूसरा और तनुजा चौबे ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग गोला फेंक में ललित अधिकारी, दिवान सिंह, रोहित भंडारी, बालिकाओं में हीरा बिष्ट, किरन, निर्मला, सब जूनियर वर्ग के चक्का फेंक में नीरज महर, अनिल अधिकारी, प्रियांशु विश्वकर्मा पहले तीन स्थानों पर रहे। बालिकाओं की लंबी कूद में मनीषा देउपा, हिमानी देउपा, कविता बोहरा क्रमश:प्रथम द्वितीय और तृतीय रहे।
निर्णायक जीवन राय, दिवान सिंह पुजारी, मदन पुजारी, दीपक जोशी, महेश तिवारी, दीपक भट्ट, गिरीश टम्टा, मोहननाथ, आनंद ओली, मंजू अधिकारी, गार्गी गंगवार, निर्मला भट्ट ने सहयोग किया। अभिलेख में चंद्र लाल साह, कमलेश महरा ने सहयोग किया। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न स्कूलों के 250 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं।